ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत


जौनपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोटवार बाजार के पास वाराणसी-फैजाबाद रेलखंड पर रविवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के फरीदाबाद गांव निवासी छोटेलाल गौतम (72) पुत्र स्वर्गीय बृजमोहन गौतम रविवार सुबह किसी समय कोटवार बाजार के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी।

सूचना पर पहुंची जीआरपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक पिछले काफी समय से बीमारी से परेशान थे। वहीं, पारिवारिक विवाद के कारण भी वह मानसिक रूप से तनाव में रहते थे। उनके तीनों बेटे अलग रहते हैं।

इस मामले में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी सदर परमानन्द कुशवाहा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं मिली है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story