वृद्ध को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, मौत
हमीरपुर, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बा के बड़ा चौराहा पर गन्ने के जूस का ठेला लगाने वाले वृद्ध की ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही विधिक कार्रवाई शुरू कराई है।
कस्बा मौदहा के मोहल्ला फत्तेपुर निवासी पप्पू साहू 60 पुत्र परमा साहू राज मार्ग स्थित बड़ा चौराहा पर सड़क किनारे गन्ने के जूस का हाथ ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। वह अपने ठेला के पहिया को सही कर रहा था। तभी कानपुर से कबरई की ओर जा रहे एक अनियंत्रित ट्रक चालक ने उसे रौंद दिया है। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई है। आसपास मौजूद लोगों ने भाग रहे ट्रक सहित उसके चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। मृतक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री को रोते बिलखते छोड़ गया है। इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कराई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

