दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर से बुजुर्ग की मौत, दो अन्य घायल

WhatsApp Channel Join Now
दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर से बुजुर्ग की मौत, दो अन्य घायल


बहराइच, 29 मई (हि.स.)। खैरीघाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम को दो मोटरसाइकिल में आमने-सामने की भिड़न्त हो गई। इस सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक मासूम सहित दो गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना ग्राम पंचायत मुरलीपुरवा के पंचायत भवन के निकट की है।

मुरलीपुरवा निवासी अवधराम अपने नाबालिग पोते पंकज और एक अन्य रिश्तेदार के साथ मोटरसाइकिल से रिश्तेदारी में जा रहे थे। शाम लगभग पांच बजे पंचायत भवन के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग अवधराम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनका पोता पंकज और मोटरसाइकिल चला रहा रिश्तेदार गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी शिवपुर में एडमिट कराया गया है,जहां उनका उपचार चल रहा है।

सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही खैरीघाट पुलिस मौके पर पहुँची। शव का पंचनामा भरकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया गया है।

थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है, और दो घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार हेतु सीएचसी में एडमिट कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

Share this story