बांदा: बारिश में गिरी कच्ची दीवार, मलबे में दबकर बुजुर्ग दंपति की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बांदा: बारिश में गिरी कच्ची दीवार, मलबे में दबकर बुजुर्ग दंपति की मौत


बांदा: बारिश में गिरी कच्ची दीवार, मलबे में दबकर बुजुर्ग दंपति की मौत


बांदा, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार तेज बारिश से सोमवार दोपहर बबेरू थाना क्षेत्र के बेलदान गांव के मजरा कौहार में एक कच्चे घर की दीवार व छप्पर अचानक भरभरा कर गिर पड़ी। इस हादसे में मलबे में दबकर खाना खा रहे किसान रामशरण यादव (75) व उनकी पत्नी (70) जगदेइया की मौत हो गई।

गांव वालों ने पुलिस की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।

सूचना पर राजस्व विभाग व पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच रिपोर्ट तैयार की। वहीं सांसद कृष्णा पटेल और क्षेत्रीय विधायक विशंभर सिंह यादव सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

परिवारजनों का कहना है कि लंबे समय से आवासीय सुविधा यानी कालोनी की मांग की जा रही थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मजबूरी में वृद्ध दंपति कच्चे घर के छप्पर के नीचे रहकर गुजारा कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, मृतक किसान रामशरण यादव तीन बीघे खेत के काश्तकार थे। करीब 15 वर्ष पहले बंटवारे के बाद बहू और नाती अलग घर में रहने लगे थे। दोनों बेटों का पहले ही निधन हो चुका था। ऐसे में किसान रामशरण अपनी पत्नी के साथ जर्जर छप्परनुमा मकान में रहते थे। बारिश से दीवार गीली हो गई थी और आज दोपहर वह अचानक गिर पड़ी।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि दीवार गिरने से बुजुर्ग दंपति की मृत्यु हो जाने की सूचना पर बबेरू पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से दोनों को मलबे से निकालते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

नायब तहसीलदार मनोहर सिंह ने कहा कि बारिश से दीवार गिरने के कारण हादसा हुआ है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार

को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765872 Articles

Share this story