मुरादाबाद : ड्रोन की निगरानी में हुई ईद की नमाज

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : ड्रोन की निगरानी में हुई ईद की नमाज


मुरादाबाद : ड्रोन की निगरानी में हुई ईद की नमाज


मुरादाबाद, 21 मार्च (हि.स.)। ईद-उल-फितर (ईद) का त्योहार शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा हैं। इस दौरान जिले में शाही ईदगाह पर बड़ी संख्या में नमाजियों ने ईद की नमाज अदा की। ईदगाह में नायब शहर इमाम मुफ्ती फहाद अली ने नमाज अदा कराई। नमाज के दौरान चप्पे-चप्पे पर ड्रोन से निगरानी की गई। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी।

नमाजियों ने देश में भाईचारे, एकता और तरक्की के लिए खुदा से दुआएं मांगीं। जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ जिलेभर में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद रहे।

शहर से लेकर देहात तक शनिवार को ईद-उल-फितर पूरे जोश और अकीदत से मनाया जा रहा है। ईदगाह सहित शहर की सभी मस्जिदों में नमाज के बाद मुल्क में अमन और इत्तेहाद की दुआ की गई। ईदगाह में सुबह नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दीं व खुशियां बांटी। इस मौके पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखा गया। शनिवार सुबह 6:40 बजे से ईद की नमाज का सिलसिला शुरू हुआ, जो 10 बजे तक चला। ईद की सबसे बड़ी नमाज आदर्श नगर स्थित ईदगाह पर अदा की गई। यहां सुबह से ही लोग पहुंचने शुरू हो गए थे। शहर के तमाम इलाकों के अलावा देहात क्षेत्र से भी लोग नमाज अदाएगी के लिए यहां एकत्र हुए थे।

चप्पे-चप्पे पर ड्रोन से रखी गई नजर

कड़ी सुरक्षा के बीच ईद मनाई गई। आदर्श नगर स्थित ईदगाह क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर ड्रोन से नजर रखी गई। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। जिलाधिकारी अनुज सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, एडीएम सिटी ज्योति सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट विनय पांडे, क्षेत्राधिकारी सुनीता ढहिया सहित विभिन्न पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सुबह ही ईदगाह पहुंच गए थे। मिश्रित आबादी वाले इलाको में भी भारी पुलिस, पीएसी के जवान तैनात रहे। सुबह पांच बजे से ही पुलिस, पीएसी अन्य सुरक्षा बल भ्रमण पर रही। ड्रोन से निगरानी रखी गई।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story