उत्तर प्रदेश पुलिस ने ईद को लेकर किए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम, जोन व सेक्टर में बांटे शहर

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश पुलिस ने ईद को लेकर किए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम, जोन व सेक्टर में बांटे शहर


लखनऊ, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में ईद-उल-फितर (ईद) का पर्व शनिवार (21 मार्च) को मनाया जाएगा। ईद की नमाज और त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। ईद की नमाज काे लेकर लखनऊ पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है। यातायात मार्ग में भी बदलाव किए गये हैं।

लखनऊ के संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि ईद की नमाज शहर के लगभग 94 ईदगाह और 1200 से अधिक मस्जिदों में पढ़ी जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से एक पुलिस उपायुक्त, पांच अपर पुलिस उपायुक्त 10 सहायक पुलिस आयुक्त, 47 निरीक्षक, 456 उपनिरीक्षक, 606 सिपाही तैनात किये गये हैं। यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए एक अपर पुलिस उपायुक्त, तीन सहायक पुलिस आयुक्त, छह निरीक्षक, 33 उपनिरीक्षक 54 होमर्गाड और 102 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगायी गई है। इसके अलावा अतिरिक्त 14 कपंनी पीएसी एलआईयू की टीमें भी मौजूद रहेंगी।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से शहर को पांच जोन और 18 सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गये हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल के अलावा सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाएगी। नमाज स्थलों पर भी कैमरे और जरूरत पढ़ने पर ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। सोशल मीडिया की टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया हैं, जो अफवाह व भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखेगी। स्थानीय थाना पुलिस इलाकों में भ्रमण कर लोगों से अपील कर रही है कि त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। किसी भी हालत में कानून व्यवस्था न बिगड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। धार्मिक गुरुओं ने भी लोगों से अपील की है कि सड़क पर नमाज न अता करें।

वाराणसी के 11 ईदगाहाें में नमाज पढ़ी जाएगी

वाराणसी में लगभग 415 मस्जिदें और 11 ईदगाह हैं। इसमें 410 मस्जिदों में नमाज पढ़ी जाएगी। कुछ मस्जिदों में जगह कम होने के कारण बाहर गलियों में भी नमाज पढ़ते हैं। इस बार वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित ने सड़क और गली में नमाज पर रोक लगाई है। शहर की प्रमुख मस्जिद ज्ञानवापी मस्जिद में सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था में केंद्रीय सुरक्षा बल की टीमों की तैनाती रहेगी। कुछ और मस्जिदें जैसे आलमगीर मस्जिद (धरहरा मस्जिद), नदेसर की जामा मस्जिद, मदनपुरा की सागरा मस्जिद पर सुरक्षा इंतजाम कड़े रहेंगे।

रामपुर जिले को छह जोन में बांटा गया

रामपुर जिले के अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह का कहना है कि जिले में तकरीबन 1200 मस्जिदों और 179 ईदगाह में नमाज अदा की जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से जिले को छह जोन और 16 सेक्टर में बांट दिया है। सभी जोन और सेक्टर प्रभारी के अतिरिक्त 21 निरीक्षक, 189 उप निरीक्षक, 750 आरक्षी और 250 होमगार्ड तैनात रहेंगे।

संवेदनशील और अतिसंवेदनशील जिलो में तैनात रहेगी पुलिस

ईद के त्योहार के मद्देनजर रखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस अलर्ट मोड में है। संवेदनशील जिलाें संभल, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अलीगढ़, शामली, बरेली, आजमगढ़, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शासन ने सभी त्योहारों को सद्भाव के माहौल में संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किये हैं । प्रशासन की ओर से स्पष्ट और सख्त संदेश दिया गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story