सागर गुप्ता के पार्थिव शरीर की स्वदेश वापसी के प्रयास तेज, नियोक्ता कंपनी को नोटिस : जितेंद्र प्रताप सिंह
कानपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। दिवंगत सागर गुप्ता के पार्थिव शरीर की शीघ्र स्वदेश वापसी के लिए जिला प्रशासन संबंधित विभागों और एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। यह बातें बुधवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की ओर से प्रकरण में की गई कार्रवाई के संबंध में दी गई जानकारी में कही गईं।
विदेश में कार्य के दौरान दिवंगत हुए कानपुर निवासी सागर गुप्ता के पार्थिव शरीर की स्वदेश वापसी की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित समिति की कार्रवाई के तहत प्रोटेक्टर ऑफ इमीग्रेंट्स (पीओई) लखनऊ से समन्वय स्थापित कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गई हैं। श्रम विभाग ने नियोक्ता कंपनी को कर्मचारी प्रतिकर अधिनियम, 1923 की धारा-10 के तहत नोटिस भी जारी किया है।
अपर श्रम आयुक्त शमीम अख्तर ने बताया कि श्रम प्रवर्तन अधिकारी दीपक कुमार मौर्य ने पीओई लखनऊ कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। परिजनों से निर्धारित प्रारूप पर जानकारी प्राप्त कर उसे पीओई लखनऊ और भारतीय दूतावास, मास्को (रूस) को ई-मेल के माध्यम से भेज दिया गया है, ताकि पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाया जा सके।
श्रम विभाग ने नियोक्ता कंपनी मेसर्स एवन नेविगेट मरीन्स प्राइवेट लिमिटेड को कर्मचारी प्रतिकर अधिनियम के तहत नोटिस प्रेषित किया है। साथ ही जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने स्थानिक आयुक्त (रेजिडेंट कमिश्नर), उत्तर प्रदेश, नई दिल्ली को पत्र भेजकर पार्थिव शरीर की शीघ्र स्वदेश वापसी तथा नियोक्ता एवं भर्ती एजेंसी के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार रात जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन ताडा ने शास्त्री नगर स्थित सागर गुप्ता के आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की थी और उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया था। जिला प्रशासन लगातार परिजनों के संपर्क में है तथा संबंधित विभागों और एजेंसियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

