ईद से पहले खरीदारों से गुलजार रहे बाजार

WhatsApp Channel Join Now
ईद से पहले खरीदारों से गुलजार रहे बाजार


हाथरस, 20 मार्च (हि.स.)।शुक्रवार दोपहर बाद मौसम साफ होते ही ईद के त्योहार की रौनक बाजारों में साफ नजर आने लगी। धूप निकलते ही खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की मौजूदगी से बाजार पूरी तरह गुलजार हो गए।

ईद से एक दिन पहले शुक्रवार को खरीदारी ने जोर पकड़ लिया। कपड़ों, चूड़ी, जूता-चप्पल, कॉस्मेटिक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की खासी भीड़ देखी गई। विशेषकर महिलाओं में ईद की खरीदारी को लेकर उत्साह बना रहा। अधिक भीड़ के कारण बाजार में कई स्थानों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। मुख्य बाजार मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था।

दुकानदारों ने भी ईद के लिए पूरी तैयारियां कर रखी हैं। दुकानों पर नई-नई वैरायटी के कपड़े, डिजाइनर चूड़ियां, आकर्षक फुटवियर और अन्य सामान सजाए गए हैं। दुकानदार अहमद रजा, सलीम खान आदि का कहना है कि इस बार मौसम साफ होने से खरीदारी में तेजी आई है और अच्छी बिक्री की उम्मीद है। वहीं, प्रशासन के लिए भी भीड़ और जाम को नियंत्रित करना एक चुनौती बना रहा। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। ईद से पहले बाजारों में उत्साह और रौनक अपने चरम पर है, और सभी लोग त्योहार की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story