अमानगढ़ टाइगर रिजर्व से ईको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा : कमिश्नर
- अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघ, हाथी, तेंदुआ समेत 6524 से अधिक वन्यजीव
मुरादाबाद, 01 नवंबर (हि.स.)।अमानगढ़ टाइगर रिजर्व बिजनौर में जंगल सफारी के शीतकालीन सत्र 2026-27 का 1 नवंबर से भव्य आगाज हो गया। रविवार को मुरादाबाद मंडल की कमिश्नर संगीता सिंह ने फीता काटकर और जिप्सी को हरी झंडी दिखाकर सफारी का शुभारंभ किया। कमिश्नर संगीता सिंह ने कहा कि अमानगढ़ जिम कॉर्बेट से सटा हुआ है और यहां बाघ, हाथी, तेंदुआ समेत 6524 से अधिक वन्यजीव हैं। इससे ईको टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।
केहरीपुर रेंज कार्यालय पर आयोजित उद्घाटन समारोह में एसपी, वन संरक्षक मुरादाबाद, डीएफओ जय सिंह कुशवाह और क्षेत्रीय वनाधिकारी अंकिता किशोर, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर ए आर रहमान, बाघ मित्र अजमेर सिंह समेत वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। डीएफओ जय सिंह कुशवाह ने बताया कि इस बार सफारी 15 दिन पहले शुरू की गई है। आमतौर पर 15 नवंबर से शुरू होती थी, लेकिन पर्यटकों की मांग पर 1 नवंबर से ही खोल दिया गया है। सफारी जून 2027 तक चलेगी।
सफारी का रूट केहरीपुर गेट से झिरना गेट तक करीब 32 किमी का रहेगा, जिसे पूरा करने में 3 से 3:30 घंटे लगेंगे। सुबह 6 से 9:30 और शाम 2 से 5:30 बजे तक 8 जिप्सी संचालित होंगी।
कमिश्नर संगीता सिंह ने कहा कि अमानगढ़ जिम कॉर्बेट से सटा हुआ है और यहां बाघ, हाथी, तेंदुआ समेत 6524 से अधिक वन्यजीव हैं। इससे ईको टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

