दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ई-ट्राइसाइकिल, पंजीकरण शुरू

WhatsApp Channel Join Now
दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ई-ट्राइसाइकिल, पंजीकरण शुरू


मुरादाबाद, 11 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद के जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विजय कुमार यादव ने शनिवार को बताया कि दिव्यांग छात्राओं को ई-ट्राइसाइकिल मिलेगी। इसके लिए पंजीकरण प्रारम्भ हो गए हैं।

विजय कुमार यादव ने बताया कि विद्यालय एवं शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थानों दैनिक कक्षाओं, लाइब्रेरी, लैब तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में नियमित रूप से अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ई-ट्राइसाइकिल प्रदान किए जाने हेतु अनुदान नियमावली-2026 के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी के अनुसार के इस योजना का लाभ उन दिव्यांग छात्राओं को प्रदान किया जाएगा, जो मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफीलिया अथवा अन्य गंभीर न्यूरो-मस्कुलर रोगों से प्रभावित हैं तथा किसी विद्यालय, महाविद्यालय अथवा शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थान में अध्ययनरत हैं।

योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांग छात्राएं आवेदन पत्र के साथ आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), दिव्यांगता प्रमाण पत्र, शिक्षण संस्थान का अध्ययन प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट आकार का फोटो संलग्न कर कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, विकास भवन, मुरादाबाद में अपना पंजीकरण करा सकती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story