ई रिक्शा पलटने से बालक की दबकर मौत, मां घायल

WhatsApp Channel Join Now
ई रिक्शा पलटने से बालक की दबकर मौत, मां घायल


बांदा, 05 सितंबर (हि.स.)। तेज रफ्तार ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट जाने से बालक की दबकर मौत हो गई और मां घायल हो गई। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

तिंदवारी थाना क्षेत्र के परसौड़ा गांव निवासी जय देवी पत्नी शशिकांत अपने 09 वर्षीय पुत्र शिवा के साथ शनिवार को इलाज करवाने तिंदवारी आई थी। इलाज करवाने के बाद वह पुत्र शिवा के साथ ई रिक्शा में बैठकर वापस गांव जा रही थी। तभी तिंदवारी परसौड़ा संपर्क मार्ग पर स्थित हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार ई रिक्शा पलट गया। जिससे दोनो मां बेटे दब कर घायल हो गए। हादसे को देख आस पास के लोग मौके पर पहुंच गए। ई रिक्शा सीधा कर दोनों को बाहर निकाला। दोनों को इलाज के लिए तिंदवारी पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने देखने के बाद शिवा को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के चाचा आलोक मिश्रा ने आरोप लगाया कि चालक शराब के नशे में धुत था। लापरवाही और तेज गति से ई रिक्शा चला रहा था। जिससे रिक्शा पलट गया। मृतक अपने पिता की इकलौती संतान था। वह कस्बे के ही एक स्कूल में यूकेजी का छात्र था। घटना से परिवार में कोहरा मच गया। थानाध्यक्ष तिंदवारी संदीप सिंह ने बताया कि ई-रिक्शा पलटने से हादसा हुआ है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story