डायनामिक प्रोग्रामिंग से जटिल समस्याओं का समाधान आसान : डॉ. कल्पना जौहरी

WhatsApp Channel Join Now
डायनामिक प्रोग्रामिंग से जटिल समस्याओं का समाधान आसान : डॉ. कल्पना जौहरी


जौनपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संकाय और आईईईई स्टूडेंट ब्रांच के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसई) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के विद्यार्थियों के लिए डायनामिक प्रोग्रामिंग विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया।

मुख्य वक्ता सी-डैक नोएडा की वैज्ञानिक-एफ डॉ. कल्पना जौहरी ने डायनामिक प्रोग्रामिंग के तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस तकनीक के माध्यम से जटिल समस्याओं को छोटे-छोटे भागों में विभाजित कर उनका समाधान आसान बनाया जा सकता है। उन्होंने इसके दो प्रमुख सिद्धांतों ओवरलैपिंग सब-प्रॉब्लम्स और ऑप्टिमल सबस्ट्रक्चर को विस्तार से समझाया।

डॉ. जौहरी ने मेमोइजेशन और टेबुलेशन तकनीकों के बीच अंतर को उदाहरणों के माध्यम से स्पष्ट किया। साथ ही 0/1 नैपसैक और लॉन्गेस्ट कॉमन सबसीक्वेंस जैसी समस्याओं के समाधान में डायनामिक प्रोग्रामिंग के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस और प्रतियोगी प्रोग्रामिंग जैसे क्षेत्रों में इस तकनीक का व्यापक उपयोग होता है। उन्होंने कंप्यूटर साइंस में शोध की संभावनाओं और भविष्य में इसके बढ़ते महत्व पर भी चर्चा की।

व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक रविकांत यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. दिव्येंदु मिश्र ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. प्रशांत यादव, डॉ. संतोष यादव, डॉ. ज्ञानेंद्र पाल, डॉ. सुनील यादव, पूर्णेन्द्र श्रीवास्तव, दीप्ति पांडेय, अशोक यादव, दिलीप यादव, प्रवीण पांडेय और कृष्ण कुमार यादव सहित विभाग के शिक्षक उपस्थित रहे।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760284 Articles

Share this story