सपा और तृणमूल कांग्रेस की राजनीति एक जैसी : बृजेश पाठक
अयोध्या, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने पुलवामा हमले के शहीद जवानों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। उपमुख्यमंत्री पाठक ने हुतात्माओं को नमन करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंकियों और उनके आकाओं को धूल चटाने का काम किया है।
ब्रजेश पाठक ने ऑपरेशन सिंदूर को पूरे देश के लिए गौरव का क्षण बताया और भारतीय सेना की सराहना की। पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या पर उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए और कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और जनता बदलाव चाहती है। संवैधानिक व्यवस्था के तहत पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि सपा और तृणमूल कांग्रेस एक जैसी राजनीति करती हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार, अराजकता और “वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया” के दौर को नहीं भूली है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 2017 का इतिहास दोहराते हुए प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उप मुख्यमंत्री का विधायक रामचंद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष, संजीव सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

