वॉलीबाल एसोसिएशन के कार्यकारिणी समिति की बैठक में कार्यभार ग्रहण

WhatsApp Channel Join Now
वॉलीबाल एसोसिएशन के कार्यकारिणी समिति की बैठक में कार्यभार ग्रहण


-सभी पदाधिकारियों को दिलाई गई शपथ, मनोनीत पदाधिकारियों को किया गया सम्मानित

प्रयागराज, 22 मार्च (हि.स)। डिस्ट्रिक्ट वॉलीबाल एसोसिएशन (डीवीए), प्रयागराज की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी-प्रबंध समिति की प्रथम बैठक रविवार को सिविल लाइंस स्थित ओलम्पिक भवन में हुई। बैठक के दौरान गत 7 फरवरी को हुए एसोसिएशन की कार्यकारिणी-प्रबंध समिति के चुनाव के दौरान मनोनीत किये गए एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने कार्यभार ग्रहण किया।

बैठक से पूर्व विशेष आमंत्रित अतिथि जिला ओलम्पिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नारायणजी गोपाल का बुकें भेंटकर स्वागत किया गया। तत्पश्चात सामूहिक रूप से पद एवं गोपनीयता की शपथ ली गई। अपरिहार्य कारणों से एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष की अनुपस्थिति में सर्वसम्मति से एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील कुमार मिश्रा (अधिवक्ता उच्च न्यायालय) की अध्यक्षता में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम एवं एजेंडा के अनुसार बैठक की कार्यवाही की गई।

बैठक में उपस्थित सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारी एवं सदस्यों ने वॉलीबाल खेल के प्रचार-प्रसार तथा खेल के विकास के सम्बंध में अपने-अपने विचार व सुझाव सभा के समक्ष रखें। बैठक में आगामी वर्ष आयोजित की जाने वाली ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर, चैम्पियनशिप व अन्य प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर चर्चा हुई तथा वर्तमान सत्र में आगामी 27 व 28 मार्च को भारतीय वॉलीबाल महासंघ द्वारा निर्देशित कार्यक्रम ‘अस्मिता खेलो इंडिया महिला प्रयागराज वॉलीबाल लीग’ को सकुशल सम्पन्न कराने का निर्णय लिया गया।

बैठक के दौरान 25 मार्च को जॉर्जटाउन में आहूत बैठक के स्थान में परिवर्तन करते हुए पूर्व निर्धारित एजेंडा के अनुसार सर्वसम्मति से साधारण सभा की बैठक अब मेजारोड में किये जाने का निर्णय लिया गया। उक्त अवसर पर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के साथ-साथ के.पी.सिंह, विजया सिंह, आर.पी.शुक्ला, के.बी.एल.श्रीवास्तव, मुकेश शुक्ला, अल्ताफ अली, प्रभाकर चौबे, राजेश प्रसाद राय, संतोष कुमार के अतिरिक्त बर्फी लाल यादव, राजित राम शुक्ला व पूर्व अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी जॉर्डन.एच.नाथ आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story