फर्रुखाबाद के दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ने चुनाव लड़ने की अटकलों काे किया खारिज, कहा- हम संत हैं राजनेता नहीं

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद के दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ने चुनाव लड़ने की अटकलों काे किया खारिज, कहा- हम संत हैं राजनेता नहीं


फर्रुखाबाद, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तरप्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के पांचाल घाट स्थित प्राचीन दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वर दास महाराज ने रविवार को प्रेस वार्ता कर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने संबंधी चर्चाओं और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों का कडे़ शब्दों में खंडन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनका राजनीति में आने अथवा किसी भी राजनीतिक दल के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ने का कोई विचार नहीं है। सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही ऐसी सभी खबरें पूरी तरह भ्रामक, असत्य और जनमानस को भ्रमित करने वाली हैं।

प्रेस वार्ता में महंत ईश्वर दास महाराज ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से फेसबुक, व्हाट्सएप तथा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर उनके चुनाव लड़ने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और पोस्ट प्रसारित की जा रही हैं। इन अफवाहों के कारण उनके भक्तों, श्रद्धालुओं और क्षेत्र के लोगों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसी भ्रम को दूर करने के उद्देश्य से उन्होंने मीडिया के माध्यम से अपना पक्ष सार्वजनिक किया है।

महंत ने कहा मैं एक संत हूं और मेरा संपूर्ण जीवन धर्म, अध्यात्म, गौसेवा, सनातन संस्कृति के संरक्षण तथा समाज सेवा के लिए समर्पित है। मेरा उद्देश्य लोगों को आध्यात्मिक मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना है, न कि सक्रिय राजनीति में प्रवेश करना। उन्होंने कहा कि संत समाज का दायित्व समाज को जोड़ने, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देने का होता है। एक संत होने के नाते सभी राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों का आश्रम में आना-जाना स्वाभाविक है। इससे यह निष्कर्ष निकालना कि वह किसी राजनीतिक दल में शामिल हो रहे हैं या चुनाव लड़ने जा रहे हैं, पूरी तरह गलत और निराधार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story