मां कल्याणी ने चतुर्भुजी रुप धारण कर माता सिद्ध दात्री के रुप में भक्तों को दिए दर्शन
--अधर्म का नाश और धर्म की विजय के लिया प्रभु श्री राम ने लिया जन्म: डॉ अनिरुद्ध महाराज
--दुर्गा सप्तशती का हुआ पाठ एवं शतचंडी महायज्ञ हुआ सम्पन्न
प्रयागराज, 27 मार्च (हि.स)। मां कल्याणी देवी मंदिर धाम में चल रहे नवरात्रि महोत्सव के नवमी दिवस पर प्रातःकाल महामंत्री पंडित श्यामजी पाठक ने विधि विधान पूर्वक मां कल्याणी जी का मंगला आरती कर माता सिद्ध दात्री का आह्वान किया। इसके बाद दोपहर 02 बजे तक मां का दर्शन पूजन करने के लिए मंदिर प्रांगण में भक्तों की भारी भीड़ लगी रही।
शाम 06 बजे मां कल्याणी देवी का श्रृंगार दर्शन का पट भक्तों के लिए खोला गया और मां कल्याणी स्वर्ण आभूषणों से सुसज्जित चतुर्भुजी स्वरुप में हाथों में शंख, चक्र, गदा और पद्म धारण कर माता सिद्ध दात्री के स्वरूप में भक्तों को दर्शन दिया। मां के अलौकिक रूप का श्रृंगार दर्शन प्राप्त कर भक्तगणों ने जोरदार जयकारा लगाया और पूरा कल्याणी देवी धाम मां के जयकारे से गूंज उठा। शाम को महाआरती और मध्य रात्रि शयन आरती अध्यक्ष पंडित सुशील कुमार पाठक द्वारा विधिवत किया गया।
इसके अलावा दोपहर 12 बजे मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम जी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया और कुंवारी कन्याओं का पूजन भोजन के पश्चात दुर्गा सप्तशती पाठ, एवं शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति सम्पन्न हुई और भंडारे का आयोजन किया गया। मेले के प्रबंधन अध्यक्ष सुशील कुमार पाठक, महामंत्री श्यामजी पाठक, संयोजक अनिल पाठक, यज्ञाचार्य संतोषानंद महाराज, दिलीप पाठक, सुधीर सहित सैकड़ों स्वयं सेवक एवं पुलिस के जवान तैनात रहे।
मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इस अवसर पर मां कल्याणी देवी मंदिर धाम के अंतर्गत श्री नवसंवत्सर मानस समिति के द्वारा आयोजित श्री राम कथा के अंतिम दिवस पर भक्तों को कथा का रसपान कराते हुए कथा व्यास डॉ अनिरुद्ध महाराज ने उत्तर कांड में वर्णित राम राज्याभिषेक का वर्णन किया। उन्होंने राम जन्मोत्सव की कथा सुनाते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जन्म अधर्म का नाश और धर्म की विजय के लिए अयोध्या की पावन धरा पर हुआ था। उन्होंने कहा कि हिंदुओं जागो श्री राम जन्मोत्सव का पर्व हमें एकजुट होने का संदेश देता है। इसलिए हमें अपनी तीज त्यौहार सांस्कृतिक परम्पराओं को जीवंत रखना होगा।
कथा का संचालन प्रवक्ता ओंकार नाथ त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर कुमार नारायण, पंडित कृष्ण कुमार पाठक, महामंत्री सुबोध खन्ना, पूर्व पार्षद विजय वैश्य, शिवबाबू त्रिपाठी, राजेश केसरवानी, मनोज टंडन, कुंवरजी टंडन, राजू यादव सहित सैकड़ों भक्तों ने आरती की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

