नेशनल हाईवे में डंपर ई रिक्शा पर पलटा, पति-पत्नी की मौत
--वाहन को ओवरटेक करते समय हुआ हादसा, चार घायल
--डंपर का चालक केबिन में फंस कर गंभीर रूप से घायल
हमीरपुर, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे नेशनल हाईवे 34 में बुधवार को नारायनपुर कुंडौरा के बीच कबरई से गिट्टी लादकर कानपुर की ओर जा रहे डंपर ने मुख्यालय से सवारियां लेकर सुमेरपुर कस्बे में आ रहे ई रिक्शा को टक्कर मारकर अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गया। इस घटना में ई रिक्शा में सवार पति पत्नी के मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मां बेटे सहित तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को राहगीरों की मदद से एक निजी कार से सदर अस्पताल पहुंचाया। वहीं डंपर का चालक केबिन में फंस कर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में ट्रक का खलासी बाल-बाल बच गया। सभी घायलों को सदर अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है।
बुधवार को एक डंपर कबरई से गिट्टी लादकर कानपुर की ओर जा रहा था। वहीं मुख्यालय से सवारियां लेकर ई रिक्शा सुमेरपुर कस्बे में आ रहा था। नरायनपुर कुंडौरा के मध्य डंपर आगे जा रहे वाहन को ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे ई रिक्शा को टक्कर मारकर कुचलता हुआ हाईवे किनारे जाकर पलट गया। इस घटना में ट्रक चालक काकू (35) निवासी नवाबगंज उन्नाव तथा खलासी सचिन (19) निवासी नवाबगंज उन्नाव केबिन में फंस गए चालक को पुलिस ने रेस्क्यू करके बाहर निकाला। वहीं खलासी सुरक्षित बच गया। इस घटना में ई रिक्शा चालक बलिराम निषाद (40) तथा उसकी पत्नी संतोषी निषाद (35) निवासी बड़ा कछार की मौके पर मौत हो गई। जबकि चांदनी (32) व उसका पुत्र अभी (5) पुत्र अवधेश निषाद निवासी जसपुरा बांदा तथा शिवकुमार निषाद (38) निवासी झंझरिया डेरा सुरौली बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पाकर सीओ सदर राजेश कमल मौके पर पहुंचे और थाना पुलिस की मदद से ट्रक चालक को एंबुलेंस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर ट्रक चालक काकू, ई रिक्शा सवार शिवकुमार, चांदनी, अभि को कानपुर रेफर किया गया है। इन सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं घटना की जानकारी होने पर चेयरमैन कुलदीप निषाद जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। इस घटना में ई-रिक्शा पूरी तरह चकनाचूर होकर छिन्न भिन्न हो गया है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लिया है। घटना के बाद हाईवे में जाम लग गया। पुलिस के आने के बाद यातायात सामान्य हो सका। सीओ सदर ने बताया कि ट्रक के अनियंत्रित होकर पलटने से यह हादसा हुआ है। जिसमे ई रिक्शा में सवार पति पत्नी के मौके पर ही मौत हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

