गृह कलह के चलते विवाहिता ने खाया विषाक्त, माैत हाेने पर लगा हत्या का आरोप
जौनपुर, 22 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में खुटहन थाना अंतर्गत लखनेपुर गांव में रविवार को गृह कलह के चलते एक विवाहिता ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर इहलीला समाप्त कर लिया। मृतका की माता ने दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। थाने में किसी आरोपित के खिलाफ तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी निवासी पन्नालाल प्रजापति की पत्नी रानी देवी (32) जहरीला पदार्थ सेवन कर लेने से अचेत हो गई। उसे उपचार हेतु सीएससी बदलापुर लाया गया। जहां हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। स्वजन उपचार हेतु उसे डाक्टर वीएस उपाध्याय के अस्पताल में ले गए। जहां से उन्हें वाराणसी भेज दिया गया। रास्ते में रानी की मौत हो जाने पर रोते बिलखते स्वजन शव घर लेकर चले आए। मौके पर पहुंची मृतका की माता केवला देवी ने घटना की सूचना पुलिस को देकर पुत्री की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतका, दो पुत्रों 11 वर्षीय बादल और 8 वर्षीय देव की माता थी। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि सूचना के आधार पर शव कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। मृतका के परिजनों द्वारा आरोपित के खिलाफ तहरीर मिली है जांच पड़ताल करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

