इरादतगंज यार्ड में ड्यूल डिटेक्शन सिग्नल प्रणाली की हुई स्थापना
--रेलवे सिग्नलिंग में तकनीकी उन्नयन से बढ़ेगी संरक्षा एवं विश्वसनीयता
प्रयागराज, 16 जून (हि.स)। प्रयागराज मंडल द्वारा रेलवे सुरक्षा एवं परिचालन विश्वसनीयता को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए मंगलवार को इरादतगंज यार्ड में डीसी ट्रैक सर्किट के समानांतर ड्यूल डिटेक्शन तकनीक की मल्टी सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशनिंग कार्य सम्पन्न किया गया। यह कार्य जल भराव की स्थिति में यार्डों में सुरक्षा बढ़ाने की रेलवे की पहल का हिस्सा है।
यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने मंगलवार काे दी। उन्होंने बताया कि इरादतगंज यार्ड में ड्यूल डिटेक्शन सिग्नल प्रणाली कमीशनिंग मुख्य सिग्नल एवं टेलिकॉम इंजीनियर अनिल गोयल के मार्गदर्शन में पूर्ण किया गया। इस अवसर पर उप मुख्य सिग्नल एवं टेलिकॉम इंजीनियर सुजीत; वरिष्ठ सिग्नल एवं टेलिकॉम इंजीनियर अभिषेक प्रताप, मण्डल सिग्नल एवं टेलिकॉम इंजीनियर सौरभ ठाकुर एवं सहायक मण्डल सिग्नल एवं टेलिकॉम इंजीनियर अरशद मोहम्मद उपस्थित थे ।
उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था में एमएसडीएसी वर्तमान ट्रैक सर्किट के समानांतर कार्य करते हुए ट्रैक ऑक्यूपेंसी की दोहरी निगरानी सुनिश्चित करेगी, जिससे रेल परिचालन की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इस सिग्नल प्रणाली में 46 डिटेक्शन पॉइंट्स स्थापित किए गए एवं 34 ट्रैक सर्किट प्रणाली सम्मिलित की गई है। कुल 13 लेवल क्रॉसिंग को प्रणाली से जोड़ा गया है।
नई प्रणाली की प्रमुख विशेषताओं में विफलता की स्थिति में ऑटो रीसेटिंग सुविधा, स्टेशन मास्टर के पास मैनुअल रीसेटिंग की भी सुविधा उपलब्ध रहेगी तथा एक प्रणाली के असफल होने पर दूसरी प्रणाली के माध्यम से निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने वाली दोहरी सुरक्षा व्यवस्था शामिल है। उन्होंने बताया कि ऑटो रीसेटिंग सुविधा विफलता के बाद ट्रैक स्थिति स्वतः पुनर्स्थापित, जिससे डाउनटाइम और मैनुअल हस्तक्षेप कम होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

