औरैया में मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान, जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान, जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश


औरैया, 22 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से एनसीओआरडी की जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त रूप से लगातार प्रवर्तन अभियान चलाकर गांजा, डोडा, स्मैक, चरस, हेरोइन सहित अन्य मादक पदार्थों के अवैध निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं बिक्री पर रोक लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत जनपद से गुजरने वाले राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर स्थित संदिग्ध ढाबों, होटलों और सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। साथ ही नारकोटिक्स गतिविधियों में संदिग्ध गांवों और व्यक्तियों को चिन्हित कर उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच की जा रही है। नारकोटिक्स दवाओं की बिक्री और रिकॉर्ड का सत्यापन करते हुए सैंपलिंग भी कराई जा रही है। औरैया, दिबियापुर, फफूंद, अछल्दा, बिधूना और अजीतमल क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों का सघन निरीक्षण किया गया, जहां फार्मासिस्ट मैपिंग की जांच के साथ दवाओं के नमूने लेकर राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। वहीं समाज कल्याण विभाग द्वारा मलिन बस्तियों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आबकारी विभाग द्वारा बस अड्डों एवं राजमार्गों पर लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बैठक में जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एन.सी. शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story