मॉनिटरिंग में ड्रोन Q4i बहुत लाभदायक सिद्ध होगा : मंडल रेल प्रबंधक

WhatsApp Channel Join Now
मॉनिटरिंग में ड्रोन Q4i बहुत लाभदायक सिद्ध होगा : मंडल रेल प्रबंधक


मुरादाबाद, 06 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल में मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव की उपस्थिति में सोमवार को आरपीएफ रिजर्व लाईन में आधुनिक तकनीक की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए ड्रोन Q4i का सफल प्रदर्शन किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि ड्रोन के माध्यम से रेलवे लाइनों की सुरक्षा, ट्रेनों की आवाजाही, वर्ष में अनेक पर्वों एवं मेलों के दौरान होने वाली भीड़ की सुरक्षा हेतु निगरानी, हरिद्वार में आगामी अर्धकुंभ-2027 की प्रभावी मॉनिटरिंग में यह ड्रोन बहुत लाभदायक सिद्ध होगा।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने सोमवार को बताया मुरादाबाद मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आज मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव की उपस्थिति में साप्ताहिक परेड के दौरान आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन यूएवी Q4i (Unmanned Aerial Vehicle) का सफल प्रदर्शन किया गया।

ड्रोन की क्षमताओं का विस्तृत प्रदर्शन करते हुए बताया गया कि यह एक बार में लगभग 40 मिनट तक उड़ान भर सकता है तथा अतिरिक्त बैटरी के माध्यम से इसकी उड़ान अवधि को बढ़ाया जा सकता है। यह ड्रोन लगभग 5 किलोमीटर की रेंज में कार्य करने में सक्षम है तथा 400 मीटर तक की ऊँचाई से निगरानी कर सकता है। ड्रोन रात्रि के समय भी निगरानी (नाइट विजन) में सक्षम है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story