कानपुर भाजपा के ‘द्रोणाचार्य’ बृजनन्दन दुबे का निधन, कार्यकर्ताओं में शोक
कानपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। बृजनन्दन दुबे का निधन कानपुर भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है। वह कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक और संगठन के ‘द्रोणाचार्य’ थे। उनके अनुभव, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण को पार्टी कार्यकर्ता हमेशा याद रखेंगे। यह बातें गुरुवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने बृजनन्दन दुबे के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कही।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल बृजनन्दन दुबे का आज बीमारी के बाद निधन हो गया। वह विष्णुपुरी के निवासी थे और करीब 75 वर्ष के थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
बृजनन्दन दुबे ने भाजपा के बूथ स्तर से अपनी संगठनात्मक यात्रा शुरू की थी। इसके बाद उन्होंने मंडल अध्यक्ष और भाजपा कानपुर उत्तर के जिला उपाध्यक्ष समेत संगठन के कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। लंबे समय तक पार्टी संगठन से जुड़े रहने के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभाई।
उनके निधन पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण आने वाली पीढ़ी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। पार्टी में लंबे अनुभव के कारण कार्यकर्ता उनसे मार्गदर्शन लेते थे और संगठन के बीच उन्हें सम्मान की नजर से देखा जाता था।
अंतिम विदाई के दौरान भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने बृजनन्दन दुबे के पार्थिव शरीर पर पार्टी का झंडा ओढ़ाया। इसके बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। नेताओं ने कहा कि बृजनन्दन दुबे की कमी संगठन में लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

