चित्रकूट के रामघाट पर सैकड़ों ड्रोन से आकाश में साकार हुई रामायण, दिव्य दृश्यों ने श्रद्धालुओं को किया मंत्रमुग्ध
-दीपावली पर चित्रकूट में रामायण थीम आधारित भव्य ड्रोन शो का आयोजन
-भगवान श्रीराम के आदर्शों और गौरवशाली संस्कृति की दिखी अद्भुत झलक
-जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने परिवार सहित मंदाकिनी तट पर किया दीपदान, सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना
चित्रकूट, 08 नवंबर (हि.स.)। दीपावली-2026 के पावन अवसर पर धर्मनगरी चित्रकूट के रामघाट पर रामायण थीम आधारित भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया गया। मां मंदाकिनी के पावन तट पर आयोजित इस आकर्षक आयोजन में सैकड़ों ड्रोन के माध्यम से आकाश में भगवान श्रीराम और रामायण के विभिन्न दिव्य प्रसंगों को साकार किया गया। आकाश में उभरती रामायण की मनोहारी आकृतियों ने श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अद्भुत दृश्य ने चित्रकूट के दीपोत्सव की भव्यता और दिव्यता को नई ऊंचाई प्रदान की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह,कामदगिरि प्रथम मुखारबिंद के डॉ मदन गोपाल महाराज ,जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिला भाजपा अध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, डीआरआई संगठन सचिव अभय महाजन, पूर्व विधायक आनंद शुक्ला, डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक बांदा-चित्रकूट के चेयरमैन पंकज अग्रवाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, क्षेत्रीय मंत्री कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र आनंद सिंह पटेल,, जिला महामंत्री डॉ. अश्विनी अवस्थी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रामघाट के आसमान में सैकड़ों ड्रोन के जरिए भगवान श्रीराम एवं रामायण के प्रेरणादायी प्रसंगों की आकर्षक आकृतियां प्रदर्शित की गईं। प्रकाश और तकनीक के अद्भुत समन्वय से साकार हुए इन दृश्यों ने उपस्थित लोगों को रामायण की गौरवशाली संस्कृति, मर्यादा और भगवान श्रीराम के आदर्शों से रूबरू कराया। श्रद्धालुओं ने इस अनूठे आयोजन को दीपावली उत्सव का यादगार आकर्षण बताया।
दीपावली के अवसर पर जनपद चित्रकूट को भव्य एवं आकर्षक रूप से सजाया गया। प्रमुख मार्गों, चौराहों और धार्मिक स्थलों पर की गई रोशनी एवं सजावट से धर्मनगरी दीपों और प्रकाश की अनुपम छटा से जगमगा उठी। रामघाट पर आयोजित ड्रोन शो ने दीपोत्सव के उल्लास और धार्मिक आस्था को और अधिक भव्य बना दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने परिवार सहित मां मंदाकिनी के पावन तट रामघाट पर दीपदान किया। दोनों अधिकारियों ने दीपावली के शुभ अवसर पर सुख, समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की। रामघाट पर दीपदान और आकाश में रामायण के दिव्य प्रसंगों का अद्भुत संगम चित्रकूट के दीपोत्सव की विशेष पहचान बनकर सामने आया।कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने में अपर जिलाधिकारी स्वप्निल कुमार यादव, सदर एसडीएम अजय कुमार यादव,नगर पालिका के ईओ आर के प्रसाद आदि का सराहनीय योगदान रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल

