डीआरएम सुनील कुमार वर्मा का जौनपुर जंक्शन पर औचक निरीक्षण, खामियों पर जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
डीआरएम सुनील कुमार वर्मा का जौनपुर जंक्शन पर औचक निरीक्षण, खामियों पर जताई नाराजगी


डीआरएम सुनील कुमार वर्मा का जौनपुर जंक्शन पर औचक निरीक्षण, खामियों पर जताई नाराजगी


जौनपुर,16जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुनील कुमार वर्मा ने गुरुवार को जौनपुर जंक्शन का औचक निरीक्षण कर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और मानसून के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।दोपहर करीब 3:30 बजे जौनपुर जंक्शन पहुंचे डीआरएम ने सबसे पहले स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर के भीतर एक गड्ढा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और उसे तत्काल भरवाने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने शौचालय की व्यवस्था का निरीक्षण किया, जहां फर्श और टाइल्स क्षतिग्रस्त मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगाई।डीआरएम ने निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर शौचालय की मरम्मत कराई जाए और वहां दो एग्जॉस्ट फैन भी लगाए जाएं, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों की आवाजाही में बाधा बन रहे रेलवे पुलिस बूथ को सीढ़ियों के सामने से हटाकर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का भी निर्देश दिया।इसके बाद डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माणाधीन नई स्टेशन बिल्डिंग का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने को कहा।निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि यह नियमित निरीक्षण का हिस्सा है। मानसून के दौरान ट्रैक की सुरक्षा, जलभराव रोकने की व्यवस्था और स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जा रही है।उन्होंने कहा कि जौनपुर जंक्शन का पुनर्विकास कार्य तेजी से चल रहा है और अगले तीन से चार महीनों में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे पुलिस बूथ को स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story