मंडल रेल प्रबंधक ने मुरादाबाद मंडल के कर्मचारियों-अधिकारियों को दिलाई ईमानदारी एवं निष्पक्षता से कार्य करने की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
मंडल रेल प्रबंधक ने मुरादाबाद मंडल के कर्मचारियों-अधिकारियों को दिलाई ईमानदारी एवं निष्पक्षता से कार्य करने की शपथ


मुरादाबाद, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, मुरादाबाद में सोमवार को ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ का शुभारंभ हुआ। यह सप्ताह 1 नवंबर तक मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने, अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी एवं निष्पक्षता से करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने सोमवार को बताया कि इस वर्ष केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा निर्धारित थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” के माध्यम से कार्यप्रणाली में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर स्थित गांधी मूर्ति के समक्ष शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। उपस्थित रेलकर्मियों ने कार्यस्थल पर पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इसी क्रम में सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपराह्न मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के ‘मनन सभागार’ में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अपराह्न 3 बजे प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा शाम 4 बजे वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। मंडल की विभिन्न शाखाओं के कर्मचारियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और भ्रष्टाचार उन्मूलन, नैतिक आचरण तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

इन कार्यक्रमों का उद्देश्य रेलकर्मियों को दैनिक कार्यों में सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान आगामी दिनों में भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों और संबंधित हितधारकों को सतर्कता के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767305 Articles

Share this story