मथुरा: दबंग चालक ने जेई को कार से रौंदा और कई मीटर तक घसीटा
मथुरा, 05 सितम्बर (हि.स.)। जिले के व्यस्त मसानी चौराहे पर शनिवार दोपहर मामूली विवाद के बाद एक कार चालक ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (छाता) के अवर अभियंता (जेई) विक्रांत भारती को टक्कर मारकर सड़क पर कई मीटर तक घसीट दिया। इस दर्दनाक घटना में इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार दाेपहर मसानी चौराहे पर किसी बात को लेकर कार चालक और अवर अभियंता विक्रांत भारती के बीच तीखी बहस हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि कार चालक ने अपना आपा खो दिया और विक्रांत को अपनी कार की चपेट में ले लिया। वहां मौजूद लोगों का आरोप है कि हैवान बने चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय गाड़ी की रफ्तार और तेज कर दी और चिल्लाते हुए लोगों की परवाह किए बिना इंजीनियर को सड़क पर कई मीटर तक घसीटते हुए फरार हो गया। जिस कार से यह हादसा हुआ, उस पर बीजेपी का झंडा लगा हुआ था और वायरल वीडियो में उसका नंबर यूपी 80 एफएस 7288 साफ दिखाई दे रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल जूनियर इंजीनियर को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। इस अमानवीय घटना से सहकर्मियों और स्थानीय नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

