युवाओं की प्रतिभा और नवाचार से बनेगा विकसित भारत : डॉ. विनय सहस्रबुद्धे

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं की प्रतिभा और नवाचार से बनेगा विकसित भारत : डॉ. विनय सहस्रबुद्धे


कानपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। देश के युवाओं की प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान क्षमता और नवाचार को दिशा देकर ही विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। विद्यार्थियों को समस्याओं की पहचान कर उनके तकनीकी समाधान विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। यह बातें डॉ. विनय सहस्रबुद्धे ने शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के शुभारंभ अवसर पर कही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं शासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान के तहत कानपुर से यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस दौरान डॉ. विनय सहस्रबुद्धे ने आईआईटी कानपुर के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग की स्मार्ट ग्रिड लैब का भ्रमण किया और ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे प्रोडक्ट डेवलपमेंट व अनुसंधान कार्यों की जानकारी ली।

उन्होंने विशेषज्ञों और शोधार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि 2014 के बाद केंद्र सरकार ने भारत की विकास यात्रा को नई दिशा देते हुए प्रोडक्ट डेवलपमेंट और नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था पर जोर दिया है। विश्वविद्यालयों, आईआईटी और शोध संस्थानों में हो रहे अनुसंधान को उद्योग और समाज की जरूरतों से जोड़कर ऐसे उत्पाद विकसित करने की आवश्यकता है, जो आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के साथ वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान बनाएं।

इस दौरान प्रो. अंकुश शर्मा, पद्मश्री प्रो. आशुतोष शर्मा, पूर्व सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार, प्रो. प्रबोध बाजपेयी और आईआईटी कानपुर के पीएचडी छात्रों ने ऊर्जा क्षेत्र में चल रहे शोध, तकनीकी नवाचार और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के समन्वयक एवं विकसित भारत संकल्प यात्रा के क्षेत्रीय संयोजक तथा आईआईटी कानपुर के एलुमनाई वीरेन्द्र तिवारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 अक्टूबर तक कानपुर समेत क्षेत्र के विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों और आईआईटी कानपुर के प्रोफेसरों के बीच संवाद कराया जाएगा। विद्यार्थियों को प्रोडक्ट डेवलपमेंट, अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में हो रहे कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें ‘समस्या से समाधान और समाधान से प्रोडक्ट’ की सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। विद्यालयों के प्रतिभाशाली छात्रों को आईआईटी विशेषज्ञों से संवाद का अवसर मिलेगा, जिससे उनमें अनुसंधान और नवाचार के प्रति रुचि विकसित होगी।

कार्यक्रम में शुभम त्रिवेदी, मनीष गुप्ता, कार्तिकेय दीक्षित, सोशल मीडिया के क्षेत्रीय संयोजक महेंद्र विक्रम सिंह, हर्ष द्विवेदी समेत भाजपा पदाधिकारी, आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर और शोधार्थी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story