भूगोल विभाग की अध्यक्ष बनीं डॉ. स्वर्णिमा सिंह, संभाला कार्यभार

WhatsApp Channel Join Now
भूगोल विभाग की अध्यक्ष बनीं डॉ. स्वर्णिमा सिंह, संभाला कार्यभार


भूगोल विभाग की अध्यक्ष बनीं डॉ. स्वर्णिमा सिंह, संभाला कार्यभार


गोरखपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग की सहयुक्त आचार्य डॉ. स्वर्णिमा सिंह को विभाग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने प्रो. एस.के. सिंह से शुक्रवार काे कार्यभार ग्रहण कर लिया। यह नियुक्ति विश्वविद्यालय की परिनियमावली के तहत कुलपति प्रो. पूनम टंडन के आदेश पर की गई है। उनका कार्यकाल तीन वर्षों का होगा।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. स्वर्णिमा सिंह ने कहा कि वह विभाग की शैक्षणिक और शोध परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि विभाग की प्रतिष्ठा के अनुरूप गुणवत्ता, नवाचार और शोध को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता होगी।

डॉ. स्वर्णिमा सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय से परास्नातक, एमफिल और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने वहीं असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में भी सेवाएं दीं। भूगोल विषय में उन्हें अध्ययन, अध्यापन और शोध का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (आईआईएससी), बेंगलुरु तथा वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया) के सहयोग से भी शोध कार्य किया है।

शोध के क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों में स्प्रिंगर-नेचर के साथ जलवायु परिवर्तन के सिमुलेशन मॉडल पर प्रकाशित पुस्तक शामिल है। उनके 20 से अधिक राष्ट्रीय और 25 अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र प्रतिष्ठित जर्नल्स एवं पुस्तकों में प्रकाशित हो चुके हैं। वर्ष 2025 में उन्हें आईसीएसएसआर की ओर से 18 लाख रुपये का प्रमुख शोध प्रोजेक्ट भी प्राप्त हुआ था। उनके निर्देशन में दो शोधार्थी पीएचडी पूरी कर चुके हैं, जबकि आठ शोधार्थी वर्तमान में शोधरत हैं।

डॉ. स्वर्णिमा सिंह के विभागाध्यक्ष बनने पर कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. राजवंत राव, प्रो. सुधीर श्रीवास्तव, प्रो. विनोद सिंह, प्रो. रामवंत गुप्ता, डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. अंकित सिंह, डॉ. मनीष सिंह, डॉ. दीपक प्रसाद, डॉ. सर्वेश कुमार, डॉ. दुर्गावती, डॉ. ज्ञान प्रकाश सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story