डॉ. सौरभ कौशल ने बढ़ाया अलीगढ़ का मान, शोध पत्र वाचन एवं श्रेष्ठ आलेख में मिला सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. सौरभ कौशल ने बढ़ाया अलीगढ़ का मान, शोध पत्र वाचन एवं श्रेष्ठ आलेख में मिला सम्मान


डॉ. सौरभ कौशल ने बढ़ाया अलीगढ़ का मान, शोध पत्र वाचन एवं श्रेष्ठ आलेख में मिला सम्मान


अलीगढ़, 13 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय ऐतिहासिक अनुसंधान परिषद (आईसीएचआर), शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से दो दिवसीय “उद्दंड मार्तण्ड से ए.आई. युग तक: दो शताब्दियों का महासंवाद“ विषयक अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी रविवार काे संपन्न हुई। कार्यक्रम में अलीगढ़ जनपद के डॉ. सौरभ कौशल ने अपना शोध पत्र वाचन किया एवं श्रेष्ठ आलेख के रूप में सम्मान प्राप्त किया।

उनका यह शोध पत्र “हिन्दी पत्रकारिता और भारतीय सिनेमा:अंतर्विषयक सांस्कृतिक और सामाजिक विश्लेषण“ विषय पर केंद्रित रहा। उन्होंने 19वीं शताब्दी के उत्तरार्ध में हिंदी पत्रकारिता के उदय एवं 20वीं शताब्दी के प्रारंभ में सिनेमा के आगमन से लेकर आज वर्तमान परिदृश्य तक दोनों बीच परस्पर समांतर संबंधों पर प्रकाश डालते हुए सामयिक परिवर्तनों को आलेखित किया।

डॉ. कौशल शिक्षाविद स्व. एन.डी. कौशल (पूर्व प्रधानाचार्य डीएवी इंटर कॉलेज, अलीगढ़) के सुपुत्र हैं और वर्तमान में मेडिकल कॉलेज प्रयागराज में कार्यरत हैं। उनकी धर्मपत्नी डॉ इंदु शर्मा इलाहाबाद विश्वविद्यालय में संगीत विभाग में प्रोफेसर हैं।

डॉ. कौशल ने श्रेष्ठ आलेख सम्मान मिलने पर सोमवार को बताया कि वे एएमयू में मेडिकल साइंस के विद्यार्थी रहे। इसके बावजूद भी पिता से विरासत में मिली लेखन कला ने उनके व्यक्तित्व में साहित्यिक सृजन के माध्यम से हिंदी भाषा एवं साहित्य की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। वर्तमान में उनके लगभग 12 राष्ट्रीय एवं चार अंतरराष्ट्रीय शोध प्रकाशित हो चुके हैं। गत वर्ष 22 नवंबर को भी उन्होंने विश्व हिंदी परिषद (अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन, विज्ञान भवन नई दिल्ली) की ओर से श्रेष्ठ आलेख का सम्मान प्राप्त कर उन्होंने अलीगढ़ का मान बढ़ाया है।

डॉ. कौशल की इस गौरव पूर्ण उपलब्धि पर कोल विधायक अनिल पाराशर, डॉ. सुरेश पचौरी, एमडी डॉ. कार्तिकेय शर्मा, शिव शंकर चौहान (सदस्य रेलवे बोर्ड), यतेंद्र पाल सिंह, गवेन्द्र पाल सिंह राठौर, प्रदीप शर्मा (वरिष्ठ पत्रकार), विनीत शर्मा आदि ने शुभकामनाएं दीं एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story