युद्ध के असर से जनता को बचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : डॉ. दिनेश शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
युद्ध के असर से जनता को बचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : डॉ. दिनेश शर्मा


झांसी, 03 अप्रैल (हि.स.)। झांसी पहुंचे राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालातों के बावजूद केंद्र सरकार आम जनता को उसके प्रभाव से बचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गैस और तेल की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा महंगाई पर नियंत्रण रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय संघर्षों के कारण कई देशों में संकट गहराया है,लेकिन भारत सरकार ने समय रहते प्रभावी कदम उठाए हैं। पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए एक्साइज ड्यूटी में कमी की गई है, वहीं उर्वरकों एवं पेट्रो उत्पादों पर कस्टम ड्यूटी हटाकर राहत प्रदान की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष गैस संकट को लेकर अफवाह फैलाकर जनता को गुमराह कर रहा है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत स्थिति में है और हाल के जी-20 सम्मेलन में देश की भूमिका अहम रही है। उन्होंने भाजपा की विचारधारा पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और 'सबका साथ, सबका विकास' उसका मूल मंत्र है।

जनसंख्या असंतुलन पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि देश में जनसंख्या स्थिरीकरण दर में गिरावट से भविष्य में वृद्ध आबादी बढ़ने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां-जहां हिंदू अल्पसंख्यक हैं, वहां उन्हें समान अधिकार मिलना चाहिए।

शिक्षा के क्षेत्र में भेदभाव का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि विभिन्न शिक्षण संस्थानों के लिए अलग-अलग नियम समानता के अधिकार के खिलाफ हैं और इस दिशा में समान व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता है,ताकि सभी वर्गों को न्याय मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story