डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती को 167 स्थानों पर सेवा भारती लगाएगा नि: शुल्क स्वास्थ्य शिविर
प्रयागराज, 11 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का अनुसांगिक संगठन सेवा भारती प्रयागराज विभाग 14 अप्रैल को डाक्टर भीमराव अम्बेडकर की जयंती के मौके पर सेवा बस्तियों में पूरे विभाग में कुल 167 स्थानों पर नि: शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करेगा। यह जानकारी शनिवार को मीडिया से वार्ता करते हुए सेवा भारती प्रयागराज के अध्यक्ष सुजीत सिंह एवं प्रयागराज विभाग के सेवा प्रमुख वीर कृष्ण ने दी।
उन्होंने बताया कि देश के संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा भारती प्रयागराज विभिन्न क्षेत्रों की वंचित एवं सेवा से वंचित बस्तियों में एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर का आयोजन करेगा। इसके तहत लगभग 15 हजार नागरिकों का परीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यक जांच और प्रारम्भिक उपचार की व्यवस्था की गई है। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को आगे के उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन और रेफरल सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि सेवा भारती का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है और यह अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संस्था अध्यक्ष सुजीत सिंह ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक समान अवसर पहुंचाने का मार्ग दिखाया, उसी भावना के साथ यह अभियान चलाया जा रहा है।
सेवा भारती प्रयागराज के मंत्री डॉ संतोष सिंह ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल उपचार नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक समान अवसर और सम्मान पहुंचाने का जो मार्ग दिखाया, इसके साथ ही समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाना भी है, ताकि लोग स्वयं अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बने। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा जांच, परामर्श और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही मरीजों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जाएगा, ताकि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रह सकें। आयोजन में विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रहेगी, जो समाज सेवा की भावना के साथ इस अभियान को सफल बनाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

