डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित, गूंजे ‘जय भीम’ के गीत

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित, गूंजे ‘जय भीम’ के गीत


लखनऊ, 13 अप्रैल (हि.स.) । बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति उत्तर प्रदेश ने आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का सोमवार को गोमती नगर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक स्थल के मुख्य द्वार के सामने विधिवत शुभारंभ किया है।

कार्यक्रम की शुरुआत आज 13 अप्रैल की संध्या लगभग छह बजे ‘जय भीम’ के गीतों के साथ हुई। इस सांस्कृतिक संध्या में भीम गीत गायक राम निवास पासवान ने अपनी पूरी मंडली के साथ प्रस्तुति दी। उनके गीतों ने पूरे स्मारक स्थल को भीममय कर दिया और उपस्थित जनसमूह में जबरदस्त उत्साह भर दिया।

समिति के मुख्य संयोजक अवधेश कुमार वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन आज से प्रारंभ होकर 14 अप्रैल तक लगातार दो दिनों तक चलेगा।

कार्यक्रम के दूसरे दिन 14 अप्रैल को बाबा साहेब के अनुयायियों के बीच लगभग 10 कुंतल भोजन, फल एवं मिष्ठान वितरण किया जाएगा, जिससे सामाजिक समरसता और सेवा का संदेश दिया जाएगा।

इससे पूर्व आयोजित बैठक में समिति के प्रमुख पदाधिकारियों डॉ. राम सबद जैसवारा, आर.पी. केन, पीएम प्रभाकर, प्रेम चंद्र, लेखराम, बन्नी सिंह, नेकी राम, बिंदा प्रसाद, अजय कुमार आदर्श कोसल एवं धीरेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया और कार्यक्रम की जिम्मेदारियों का विभाजन किया गया।

समिति ने प्रदेश के सभी आरक्षण समर्थकों एवं बाबा साहेब के अनुयायियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करें और बाबा साहेब को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें।

यह आयोजन न केवल बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूकता का भी एक सशक्त प्रयास है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story