देवरिया के मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर के पोखर में मिलीं दर्जनों मृत मछलियां, प्रदूषण की आशंका
देवरिया, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिला मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर के पोखर में बुधवार सुबह दर्जनों मछलियां मृत मिलने से हड़कंप मच गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मंदिर के महंत ने शहर के नालों का गंदा पानी पोखर में पहुंचने से जल प्रदूषित होने की आशंका जताई है।
मंदिर के महंत राजेश नारायण ने सुबह पूजा-अर्चना के दौरान पोखर के किनारे बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां देखीं। इसके बाद उन्होंने तत्काल नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह को सूचना दी। नगर पालिका अध्यक्ष अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचीं तथा पूरे मामले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महंत राजेश नारायण ने बताया कि लंबे समय से शहर के नालों का गंदा पानी पोखर में गिर रहा है। इससे पोखर का पानी लगातार प्रदूषित हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि दूषित पानी में ऑक्सीजन की कमी होने के कारण बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हुई है। महंत ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने कर्मचारियों को तत्काल पोखर से मृत मछलियों को निकलवाने और पूरे परिसर की सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना की रिपोर्ट मांगी और नालों का गंदा पानी पोखर में जाने से रोकने के लिए प्रभावी योजना तैयार करने को कहा।
मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर शहर का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। पोखर में मछलियों की मौत की घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं किया गया तो पोखर का पर्यावरण और धार्मिक महत्व दोनों प्रभावित हो सकते हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने कहा कि मंदिर परिसर और पोखर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि जांच में नालों के गंदे पानी से प्रदूषण की पुष्टि होती है तो उसके स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पोखर के संरक्षण और नियमित सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

