मोमोज खाने से दर्जन भर लोग बीमार, दुकानदार फरार

WhatsApp Channel Join Now
मोमोज खाने से दर्जन भर लोग बीमार, दुकानदार फरार


नोएडा, 26 मार्च (हि.स.)। थाना दादरी क्षेत्र के कस्बा दादरी में रहने वाले तीन परिवार के दर्जन भर लोग मोमोज खाने से बीमार हो गए। उन्हें उल्टी, पेट दर्द, सिर दर्द और बुखार की शिकायत है। उन्हें उपचार के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इन लोगों ने एक ही दुकान से मोमोज खरीदा था। घटना के बाद दुकानदार फरार है।

दादरी के प्राथमिक स्वास्थ्य चिकित्सा केंद्र के डॉक्टर काशिफ नदीम आलम ने गुरुवार काे बताया कि आज दोपहर 2 बजे से शाम तक दर्जन भर मरीज आए हैं। जिन्होंने बताया है कि उनके पेट में दर्द, लूज मोशन, सिर में दर्द और बुखार है। उन्होंने बताया कि इन लोगों ने दादरी तहसील के पास स्थित एक मोमोज की दुकान से मोमोज खरीद कर खाया है। उन्होंने बताया कि मरीजों को इंजेक्शन और दवा दी गई है। उन्हें भर्ती करके उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मरीजों की स्थिति सामान्य है। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि यह मामला फूड प्वाइजनिंग का है। उन्होंने बताया कि पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है।

दादरी नगर पालिका के सभासद मोहम्मद आरिफ ने बताया कि उनकी बहन और उसके बच्चे घर पर आए थे। ये लोग मोमोज की दुकान से मोमोज खरीद कर लाए। उन्हें खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस से उन्होंने मोमोज वाले के खिलाफ शिकायत की है। उनके अनुसार उनके परिवार के 10 लोग बीमार हैं।

वहीं मोमोज खाने से बीमार सैंडी ने बताया कि उसने ममोज की दुकान से ममोज खरीद कर खाया था। उसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। उसके अनुसार उसके और उसके परिवार के लोगों की भी मोमोज खाने से तबीयत खराब हुई है।

वहीं थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि मोमोज बेचने वाला दुकानदार फरार है। उन्होंने बताया कि तीन परिवार के लोग उक्त दुकानदार से मोमोज खरीद कर खाने के लिए लाए थे। एक परिवार के कुछ ज्यादा लोग हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story