छात्र-छात्राओं ने स्लोगन के माध्यम से जीते-जीते रक्तदान और जाते-जाते नेत्रदान को कैनवास पर उकेरा
मुरादाबाद, 30 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अंतर्गत सीएल गुप्ता नेत्र संस्थान में मुरादाबाद नागरिक समाज के सहयोग से पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में करीब 150 बच्चों ने प्रतिभाग किया। स्लोगन प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने जीते-जीते रक्तदान और जाते-जाते नेत्रदान के नारे को कैनवास पर उकेरा।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले कक्षा 9 से लेकर 12 तक के बच्चों ने नेत्रदान पर पोस्टर्स बनाकर समाज को नेत्रदान के प्रति जागरूकता भरे संदेश दिए। निर्णायक मंडल में शोभा एवं नदीम रहे। विजेताओं का परिणाम एवं पुरस्कार 8 सितम्बर को राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े की समापन रैली के कार्यक्रम के अंतर्गत दिया जाएगा। प्रतियोगिता का संचालन डॉ. गरिमा सिंह ने किया। प्रतियोगिता में संस्था के सचिव रवि टंडन, उपाध्यक्ष संजीव वर्मा, सदस्य संजय नारंग, दीपक कुमार, गरिमा सिंह, संदीप खन्ना आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

