आम आदमी की पहुंच से दूर होता जा रहा घरेलू गैस सिलेंडर : पवन गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
आम आदमी की पहुंच से दूर होता जा रहा घरेलू गैस सिलेंडर : पवन गुप्ता


कानपुर, 07 जून (हि.स.)। रसोई गैस कभी आम परिवारों की सुविधा का साधन थी, लेकिन लगातार बढ़ती कीमतों के कारण आज यह आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है। घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में बार-बार बढ़ोतरी से गृहणियों, मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। यह बातें रविवार को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं।

घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया वृद्धि के विरोध में आज कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी ने बारादेवी मंदिर के पास अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर को माला पहनाकर और श्रद्धांजलि अर्पित कर केंद्र सरकार की महंगाई तथा मूल्यवृद्धि की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने की, जबकि आयोजन और संचालन पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राम नवल कुशवाहा के संयोजन में हुआ। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

पवन गुप्ता ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ रहा है और लोगों को दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।इस दौरान पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राम नवल कुशवाहा ने केंद्र सरकार से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल कमी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मूल्यवृद्धि वापस नहीं ली गई तो कांग्रेस जनहित के मुद्दे पर अपना आंदोलन और तेज करेगी।प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर थाना अध्यक्ष को ज्ञापन भी सौंपा। मांग पत्र में टूटी सड़कों की मरम्मत, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, डिवाइडरों के रखरखाव, अस्पताल निर्माण, तालाबों के सुंदरीकरण समेत विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए।इस अवसर पर पवन गुप्ता, राम नवल कुशवाहा, विकास अवस्थी, मोहित सविता, रुक्मा देवी, कमलाकांत तिवारी, हरिराम कटियार, शीलू श्रीवास्तव, जितेंद्र गिरी, आशुतोष सिंह, प्रताप साहनी, गणेश सविता, संदीप गौतम, राजेश साहनी, विजय बहादुर पासवान आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story