डॉग शो में 42 नस्लों के 228 श्वानों ने लिया हिस्सा
कानपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के मोतीझील लॉन में शनिवार को ऑल इंडिया ऑल ब्रीड्स चैंपियनशिप डॉग शो का आयोजन किया गया। कानपुर नगर निगम और कानपुर कैनेल वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से 42 नस्लों के 228 श्वानों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर प्रमिला पांडेय ने किया। प्रतियोगिता में शामिल श्वानों ने अपनी नस्ल, बनावट और प्रशिक्षण के आधार पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। महापौर ने विभिन्न वर्गों में विजेता श्वानों को पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके निरंजन, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. शिल्पा सिंह और आरआई दिनेश कुमार समेत नगर निगम की पशु कल्याण एवं एबीसी टीकाकरण टीम मौजूद रही।
डॉग शो के साथ नगर निगम की ओर से पालतू श्वानों के लिए निशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी दी गई। शिविर में 112 श्वानों का मुफ्त टीकाकरण किया गया, जबकि 87 श्वानों का पंजीकरण किया गया। पंजीकरण कराने वाले श्वानों के स्वामियों को उपहार पैकेट दिए गए। वहीं, सर्दी से बचाव के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से निराश्रित श्वानों को निशुल्क गद्दे भी वितरित किए गए।
प्रतियोगिता में शामिल हुईं 42 नस्लें
डॉग शो में 11 समूहों में विभिन्न नस्लों के श्वानों ने हिस्सा लिया। इनमें समूह एक में ऑस्ट्रेलियन शेफर्ड, जर्मन शेफर्ड (शॉर्ट हेयर्ड), जर्मन शेफर्ड (लॉन्ग हेयर्ड) और वेल्श कॉर्गी पेमब्रोक शामिल रहे।
समूह दो में डाबरमैन, मिनिएचर पिंशर, केन कोर्सो, बॉक्सर, बुलडॉग, बुल मैस्टिफ, डोगो अर्जेंटिनो, डॉग्यू डी बार्डेक्स, ग्रेट डेन, मैस्टिफ, रॉटविलर, प्रेसा कैनारियो और सेंट बर्नार्ड नस्ल के श्वान शामिल हुए।
समूह तीन में फॉक्स टेरियर, जैक रसेल टेरियर और जैक रसेल टेरियर (वायर) ने हिस्सा लिया। समूह चार में डैशहाउंड और समूह पांच में समोयड, साइबेरियन हस्की, जर्मन स्पिट्ज, पॉमेरियन, अकीता और चाऊ-चाऊ नस्ल के श्वान शामिल रहे।
समूह छह में बीगल और समूह सात में इंग्लिश पॉइंटर नस्ल के श्वानों ने भाग लिया। समूह आठ में गोल्डन रिट्रीवर, लैब्राडोर रिट्रीवर और इंग्लिश कॉकर स्पैनियल ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
समूह नौ में बिचन फ्राइस, माल्टीज, टॉय पूडल, शिट्जू, कैवेलियर किंग चार्ल्स स्पैनियल, फ्रेंच बुलडॉग, पग और पैपिलॉन नस्ल के श्वान शामिल हुए। समूह दस में ह्विपेट और समूह 11 में कारावन हाउंड नस्ल के श्वानों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
महापौर ने आयोजन की सफलता पर नगर निगम अधिकारियों और कानपुर कैनेल वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने भविष्य में इससे भी अधिक भव्य राष्ट्रीय स्तर का आयोजन कराने का भरोसा दिलाया। सुबह 11 बजे शुरू हुए इस डॉग शो को देखने के लिए हजारों की संख्या में शहरवासी पहुंचे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

