डोड़वा जमौली सोलर प्लांट से 2390 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन, 19.60 लाख टन कार्बन उत्सर्जन में कमी : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
डोड़वा जमौली सोलर प्लांट से 2390 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन, 19.60 लाख टन कार्बन उत्सर्जन में कमी : जिलाधिकारी


कानपुर, 16 मई (हि.स.)। डोड़वा जमौली स्थित मेगा सोलर पावर प्रोजेक्ट से अब तक 2390 मिलियन यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन हो चुका है, जिससे लगभग 19.60 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आई है। यह परियोजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण का मजबूत मॉडल बनकर उभरी है। यह बातें शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहीं।

जिलाधिकारी ने बिल्हौर तहसील के डोड़वा जमौली में स्थापित एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी के 225 मेगावाट क्षमता वाले मेगा सोलर पावर प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। यह परियोजना उत्तर प्रदेश की प्रमुख सौर ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल है और एक स्थान पर संचालित प्रदेश की सबसे बड़ी सोलर परियोजना मानी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी के सीनियर मैनेजर अमितोष वर्मा ने बताया कि यह परियोजना लगभग 1203 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की गई है। मुख्य प्लांट ग्राम डोड़वा जमौली में स्थित है, जबकि इसका विस्तार नदिहा खुर्द, उत्तरी और मदाररायगुमान गांवों तक है। पूरे प्रोजेक्ट में करीब 9.82 लाख सोलर पैनल लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि स्थापना से अब तक प्लांट से उत्पादित बिजली का अनुमानित मूल्य लगभग 717 करोड़ रुपये है। यहां से उत्पादित बिजली रसूलाबाद, बिल्हौर, बांगरमऊ और मल्हावा फीडरों को आपूर्ति की जा रही है।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ग्रीन एवं क्लीन एनर्जी को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार भी प्रदेश में अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि एनटीपीसी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत आसपास के गांवों में विकास कार्य भी कराएगी। ग्राम डोड़वा जमौली में 1.87 हेक्टेयर क्षेत्रफल में ग्रामीण स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके अलावा डोड़वा जमौली, नदिहा खुर्द और मदाररायगुमान गांवों में सोलर लाइट लगाई जाएंगी तथा परिषदीय विद्यालयों में बेंच और अन्य संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story