जिलाधिकारी की संवेदनशीलता से दिव्यांग दंपति काे जल्द मिलेगी पेंशन
डीएम के निर्देश पर दिव्यांग पेंशन की प्रक्रिया शुरू, शीघ्र मिलेगा लाभ
देवरिया, 14 मई (हि.स.)। पिछले दिनों आयोजित जनता दर्शन में तरकुलवा विकासखंड के ग्राम हरपुर निजाम निवासी दिव्यांग दंपति रहमत अली एवं उनकी पत्नी खुशबून अपनी समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के समक्ष पहुंचे थे। दंपति की स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को निर्देशित किया था कि पात्र दंपति को दिव्यांग पेंशन सहित शासन की अन्य लाभकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में संबंधित विभाग की टीम गुरुवार काे दंपति के घर पहुंची और आवश्यक अभिलेखों का संकलन कर रहमत अली की पत्नी खुशबून का दिव्यांग पेंशन हेतु ऑनलाइन आवेदन कराया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आवेदन प्रस्तावित कर दिया गया है तथा शीघ्र ही स्वीकृति मिलने के बाद पेंशन का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से दिव्यांग दंपति ने राहत महसूस करते हुए जिलाधिकारी एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जनसुनवाई एवं जनता दर्शन में प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

