आपदा से संबंधित सूचनाओं के लिए डीएम ने ‘आपदा चैटबॉट’ का शुभारंभ किया

WhatsApp Channel Join Now
आपदा से संबंधित सूचनाओं के लिए डीएम ने ‘आपदा चैटबॉट’ का शुभारंभ किया


देवरिया, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की पहल पर जनपद में आपदा से संबंधित सूचनाओं को त्वरित रूप से प्रशासन तक पहुंचाने के लिए ‘आपदा चैटबॉट’ का शुभारंभ किया गया है। इसके माध्यम से जनपदवासी किसी भी स्थान पर घटित आपदा अथवा दुर्घटना से संबंधित सूचना व्हाट्सएप के जरिए प्रशासन को दे सकेंगे।

आपदा की स्थिति में नागरिक व्हाट्सएप नंबर 7800111266 पर संदेश भेजकर घटना की जानकारी दे सकते हैं। संदेश में संबंधित ग्राम पंचायत का नाम, आपदा का प्रकार, हुई क्षति का विवरण और घटना की तिथि एवं समय की जानकारी दी जा सकती है। आवश्यकता के अनुसार घटना से संबंधित फोटो अथवा अन्य रिपोर्ट भी व्हाट्सएप के माध्यम से अपलोड की जा सकेगी।

चैटबॉट के माध्यम से प्राप्त सूचना संबंधित उप जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तक तत्काल पहुंच सकेगी। इससे आपदा से हुई क्षति की जानकारी प्रशासन को शीघ्र प्राप्त होगी और संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके की स्थिति के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई एवं राहत प्रदान करने की प्रक्रिया को गति दी जा सकेगी। साथ ही कृषक दुर्घटना सहित आपदा से संबंधित विभिन्न मामलों में पात्र लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने में भी सुविधा होगी।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे आपदा चैटबॉट का व्हाट्सएप नंबर 7800111266 अपने मोबाइल फोन में सुरक्षित कर लें। उन्होंने कहा कि जनपद में कहीं भी किसी प्रकार की आपदा अथवा क्षति की घटना होने पर तत्काल इस नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना दें, ताकि प्रशासन को समय से जानकारी मिल सके और प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई शीघ्र की जा सके।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story