कायमगंज में डीएम का तूफानी दाैरा, अधिकारियों में हड़कम्प

WhatsApp Channel Join Now
कायमगंज में डीएम का तूफानी दाैरा, अधिकारियों में हड़कम्प


फर्रुखाबाद, 19 फरवरी( हि.स.)। जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ० आशुतोष कुमार द्विवेदी ने गुरुवार को तहसील कायमगंज, थाना कायमगंज तथा कंपिल नगर पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व, कानून-व्यवस्था एवं नगरीय निकाय से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

तहसील कायमगंज में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, न्यायालयों में लंबित राजस्व वादों की स्थिति, जनसुनवाई व्यवस्था, फार्मर रजिस्ट्री, उप निबंधक कार्यालय और विभिन्न पटलों के कार्यों की जांच की। उन्होंने लंबित राजस्व वादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर समाप्त किया जाए और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समय सीमा में पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खतौनी अद्यतन, नामांतरण एवं वरासत प्रकरणों की प्रगति पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए कार्यप्रणाली को सरल और जवाबदेह बनाया जाए। साथ ही खुली विद्युत वायरिंग दुरुस्त कराने, दीवारों की सीलन ठीक कराने और शौचालयों की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद जिलाधिकारी ने थाना कायमगंज का निरीक्षण कर थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, आगंतुक रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार, मालखाना और बंदी गृह का जायजा लिया। थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लंबित विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने पर जोर दिया। साथ ही सीसीटीएनएस प्रणाली, बीट पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को आमजन के साथ शिष्ट एवं उत्तरदायी व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

दिन के अंतिम चरण में जिलाधिकारी ने कंपिल नगर पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कर वसूली की स्थिति, जन्म–मृत्यु पंजीकरण, निर्माण कार्यों की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, 15वें वित्त आयोग से संबंधित कार्यों तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। जनसुनवाई व्यवस्था का अवलोकन करते हुए उन्होंने शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कर वसूली को लक्ष्य के अनुरूप बढ़ाने तथा लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचे, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिशासी अधिकारी को विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story