देवरिया : मेडिकल कॉलेज की निर्माणाधीन परियोजनाओं पर जिलाधिकारी सख्त, एक सप्ताह में कार्य पूरा करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : मेडिकल कॉलेज की निर्माणाधीन परियोजनाओं पर जिलाधिकारी सख्त, एक सप्ताह में कार्य पूरा करने के निर्देश


देवरिया, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सभी लंबित निर्माण कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी। निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा न होने पर संबंधित संस्थाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन ट्रॉमा सेंटर में बिजली, पेयजल, ऑक्सीजन पाइपलाइन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराकर एक सप्ताह के भीतर हैंडओवर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ट्रॉमा सेंटर का संचालन हर हाल में शीघ्र शुरू होना चाहिए और अब किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा बैठक में उन्होंने क्रिटिकल केयर यूनिट, नर्सिंग कॉलेज सहित अन्य सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाकर उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को आवश्यक मैनपावर, उपकरण और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनस्वास्थ्य की दृष्टि से मेडिकल कॉलेज अत्यंत महत्वपूर्ण संस्थान है। इसलिए निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करना और सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना अनिवार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

बैठक में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story