आकांक्षी विकास खंडों की समीक्षा में डीएम सख्त
देवरिया, 09 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आकांक्षी विकास खंडों के नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आकांक्षी विकास खंडों के विकास में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित मानकों के अनुरूप विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने क्लस्टर का नियमित भ्रमण करें और क्षेत्र की आवश्यकताओं तथा कमियों का आकलन कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों के साथ सम्मानजनक एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने पर जोर देते हुए कहा कि सकारात्मक माहौल से ही शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार संभव है।
उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों का निरीक्षण निर्धारित 19 पैरामीटरों के आधार पर किया जाए। निरीक्षण के दौरान बच्चों की डिजिटल उपस्थिति, निपुण तालिका, शिक्षक संदर्शिका, पठन-पाठन की गुणवत्ता, मध्यान्ह भोजन, स्कूल ड्रेस तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में स्कूल ड्रेस के लिए 1200 रुपये भेजे जाते हैं, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी छात्र निर्धारित ड्रेस में विद्यालय आएं। साथ ही प्रेरणा ऐप के माध्यम से सभी बिंदुओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने, बच्चों की उपस्थिति, ईसीसीई गतिविधियों, पोषाहार वितरण तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बुधवार को ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति की बैठकों में शामिल होकर आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जागरूक किया जाए। जिन गांवों में मातृ अथवा शिशु मृत्यु हुई है, वहां कारणों की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं तथा हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी की जाए।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

