जिलाधिकारी ने कचगांव में विकास कार्यों का किया औचक निरीक्षण, ठेकेदार को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने कचगांव में विकास कार्यों का किया औचक निरीक्षण, ठेकेदार को नोटिस


जौनपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने रविवार को नगर पंचायत कचगांव में विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसी रोड, सीसी नाला, डिजिटल लाइब्रेरी और पेयजल योजना के कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीएमवाई योजना के तहत गोल कोठी के पास संचालित डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित करने, स्टाफ की नियुक्ति कर लाइब्रेरी को शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। माधोपट्टी गेट के पास बनी लाइब्रेरी में खिड़की की फिटिंग दुरुस्त कराने और चारों ओर बाउंड्रीवाल बनवाने को कहा। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी बेहतर करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मझलेपुरा नाला निर्माण और घरों के कनेक्शन की समीक्षा की। उन्होंने सभी घरों को नाली से जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। माधोपट्टी में सीसी रोड के निरीक्षण के दौरान कार्य में कमी मिलने पर ठेकेदार को नोटिस जारी करने और अंतिम बिल से कटौती करने के निर्देश दिए। पेयजल योजना के तहत सभी रिबोर कार्यों की जीपीएस फोटो के साथ रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। अन्य नालों को भी सीसी के माध्यम से बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और उपयोगी होने चाहिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ठ, अधिशासी अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story