ग्रीष्म ऋतु को लेकर गौ आश्रय स्थलों पर पेयजल, छाया एवं चारा की रहे पर्याप्त व्यवस्था : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
ग्रीष्म ऋतु को लेकर गौ आश्रय स्थलों पर पेयजल, छाया एवं चारा की रहे पर्याप्त व्यवस्था : जिलाधिकारी


महोबा, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में बुधवार को जिला स्तरीय गोवंश संरक्षण, अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। जिसमें ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए सभी गौ आश्रय स्थलों में पेयजल, छाया एवं चारे की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और मानक के अनुरूप व्यवस्थाएं बेहतर करने के जिलाधिकारी ने निर्देश दिए।

जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने संबंधित विभागों को बैठक में निर्देशित किया कि सभी गो-आश्रय स्थलों पर मानक के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए पेयजल, छाया एवं चारे की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे। साथ ही, भरण-पोषण से संबंधित भुगतान समयबद्ध रूप से किया जाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि छोटे गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों को आवश्यकतानुसार बड़े गो-संरक्षण केंद्रों में स्थानांतरित कर बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करते हुए गोवंश संरक्षण कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। और सभी गौशालाओं को कैमरे से कनेक्ट करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व कुंवर पंकज, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ रंजन सिंह, जिला पंचायज राज अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी एवं अधिशाषी अधिकारी मौजूद रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story