खुदाई के बाद मिट्टी धस जाने से हुए हादसे पर डीएम सख्त, एफआईआर दर्ज
फिरोजाबाद, 19 अप्रैल (हि.स.)। सी.डब्ल्यू.आर. के लिए पाइप लाइन कार्य की खुदाई के दौरान हुए हादसे में एक बालक के घायल होने पर डीएम ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम के आदेश पर शनिवार को थाना रजाबली पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
जिलाधिकारी रमेश रंजन के निर्देश पर सहायक अभियंता जल निगम फिरोजाबाद शिवम राजपूत ने थाना रजावली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 290 और 125 (बी) के तहत अज्ञात में एफआईआर दर्ज कराई है। जिसमें आरोप है कि रामगढ़ स्थित सी.डब्ल्यू.आर. के लिए 1800 एम.एम. पाइप लाइन का कार्य प्रगति पर था। इस कार्य हेतु खुदाई के दौरान निकाली गई मिट्टी एक साइड पर जमा की जा रही थी। पाइपलाइन बिछाई जाने हेतु लगभग 2.8 एम.टी.आर. मिट्टी खोदी जा रही है, इस कार्य को देखने हेतु गांव के चार-पांच लड़के इकट्ठे थे, जो की ट्रेंच के किनारे खड़े थे। कंपनी द्वारा खोदी गई ट्रेंच के किनारे कोई सुरक्षा बैरिकेडिंग एवं मानक एवं साइन बोर्ड आदि नहीं लगाया गया था। इसी कारण से अचानक मिट्टी धस जाने पर लड़के मिट्टी के साथ-साथ नीचे गिर पड़े।जिससे एक लड़का सोमवीर मिट्टी में दब गया। जिसको ग्राम वासियों द्वारा मिट्टी हटाकर बाहर निकाला गया। घायल को तत्काल आगरा स्थित नर्सिंग होम में भर्ती किया गया। जहां उसकी हालत गंभीर है। कंपनी के इस लापरवाही पूर्ण रवैया को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर एफ़०आई०आर० दर्ज कराई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

