जिलाधिकारी-एसपी ने अवसानेश्वर मंदिर व घाट का लिया जायजा, सुरक्षा के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी-एसपी ने अवसानेश्वर मंदिर व घाट का लिया जायजा, सुरक्षा के दिए निर्देश


बाराबंकी, 11 जुलाई (हि.स.)। आगामी श्रावण मेला को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शनिवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने हैदरगढ़ स्थित प्राचीन अवसानेश्वर महादेव मंदिर परिसर और गोमती घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेले में आने वाले कावंड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

डीएम-एसपी ने मंदिर परिसर, घाट, संपर्क मार्गों व पुलों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कावंड़ यात्रा मार्ग पर मजबूत बैरिकेटिंग, रूट डायवर्जन, वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था और पर्याप्त पार्किंग स्थल चिह्नित करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग व संपर्क मार्गों पर अनवरत प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि रात में भी कावंड़ियों को कोई दिक्कत न हो।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पिकेट लगाने और पूरे मेला क्षेत्र में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग के निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ समीर कुमार सिंह समेत राजस्व व पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि, श्रावण माह में अवसानेश्वर महादेव मंदिर पर लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story