श्री लोधेश्वर धाम पहुंचे डीएम-एसपी, पुरुषोत्तम मास मेले की परखी तैयारियां

WhatsApp Channel Join Now
श्री लोधेश्वर धाम पहुंचे डीएम-एसपी, पुरुषोत्तम मास मेले की परखी तैयारियां


बाराबंकी 14 मई (हि.स.)। महोदवा स्थित श्री लोधेश्वर महादेवा मंदिर में 17 मई से शुरू हो रहे पुरुषोत्तम मास मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गुरुवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने मेला क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने मंदिर परिसर, दर्शन पथ, पार्किंग स्थल, बैरीकेटिंग, प्रमुख मार्गों व रैन बसेरों की व्यवस्थाएं देखीं। डीएम ने अस्थायी विद्युत व प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, मोबाइल शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई तथा बोहनिया व अभरण तालाब की सफाई की प्रगति परखी। निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में कोई कमी न रहे। मेला क्षेत्र में साफ-सफाई व प्रकाश व्यवस्था लगातार प्रभावी रखी जाए।

डीएम ने कहा कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित व सुगम माहौल देना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग समन्वय से समय पर कार्य पूरा करें। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

निरीक्षण के दौरान महादेवा कॉरिडोर निर्माण हेतु मुआवजा वितरण के बाद चल रही ध्वस्तीकरण कार्रवाई भी देखी। मलबा शीघ्र हटाकर मार्ग व परिसर व्यवस्थित करने के आदेश दिए ताकि आवागमन बाधित न हो।

इस मौके पर एडीएम निरंकार सिंह, एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, एसडीएम आनंद कुमार तिवारी, सीओ गरिमा पंत समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story