लिपिकीय त्रुटि से अटकी वरासत का डीएम ने एक घंटे में कराया निस्तारण, वृद्ध महिला को सौंपी खतौनी
जौनपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में लिपिकीय त्रुटि के कारण वरासत दर्ज न हो पाने से परेशान एक वृद्ध महिला की समस्या का जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने गुरुवार को मात्र एक घंटे में समाधान कराकर प्रशासनिक संवेदनशीलता की मिशाल पेश किया।
केराकत तहसील के ग्राम पंचायत रामपुर की वृद्धा श्यामदुलारी (82) ने 4 फरवरी 2026 को आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पति की मृत्यु के बाद अभिलेखों में लिपिकीय त्रुटियों के कारण वरासत दर्ज कराने में उन्हें लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी केराकत एवं तहसीलदार को निर्देशित किया कि संबंधित अभिलेखों के आधार पर तत्काल लिपिकीय त्रुटियों को दुरुस्त कर खतौनी उपलब्ध कराई जाए। निर्देश के अनुपालन में मात्र एक घंटे के भीतर त्रुटि सुधार कर दिया गया और बुधवार को जिलाधिकारी ने जनसुनवाई कक्ष में स्वयं श्यामदुलारी को खतौनी सौंप दी। वहीं इस मामले में गुरुवार को जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि श्यामदुलारी बीते कई महीनों से वरासत दर्ज कराने के लिए प्रयासरत थीं, लेकिन प्रकरण संज्ञान में आते ही त्वरित कार्रवाई कर समस्या का समाधान करा दिया गया। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारी और तहसीलदारों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री की मंशानुरूप जनसमस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।इसी दौरान श्यामदुलारी के साथ आए उदयभान राय ने किसान सम्मान निधि अवरुद्ध होने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। इसके क्रम में उनकी फार्मर रजिस्ट्री कराकर समस्या का समाधान किया गया। उदयभान राय ने भी मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

