जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण


जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण


जौनपुर, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या, दवाओं की उपलब्धता, पोषण पुनर्वास केंद्र की स्थिति तथा चिकित्सकों की उपस्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि बच्चों को समय पर दवाएं एवं पोषण संबंधी सप्लीमेंट उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके। इस दौरान उन्होंने हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए अस्पताल परिसर में हिंदी में जागरूकता पोस्टर लगाने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को गर्मी से बचाव के उपायों की जानकारी मिल सके। साथ ही अस्पताल में नियमित साफ-सफाई, वार्डों में समय-समय पर चादर बदलने और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाई गईं और समग्र व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों से संवाद कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story